देश

प्रेम विवाह से नाराज परिजनों का तांडव, दूल्हे और रिश्तेदारों पर डीजल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, कई घायल

महाराष्‍ट्र से चौंकाने वाली खबर सामने आई है. लव मैरिज से नाराज परिजनों ने दामाद और उनके परिजनों को जिंदा जलाने की कोशिश की है. सनसनीखेज मामले में 7 से 8 लोग झुलस गए. प्रदेश के नासिक जिले के येवला शहर में प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजनों ने रविवार 25 अक्‍टूबर 2026 को एक शादी समारोह में जमकर हंगामा किया. आरोप है कि युवती के रिश्तेदारों ने दूल्हे और उसके परिजनों पर डीजल डालकर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में 7 से 8 लोग घायल हो गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है.
पुलिस के अनुसार, येवला निवासी ऋषभ दीपक भगुंडे का नासिक जिले के निफाड़ तालुका के रामपुर नैताले गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था. दोनों ने परिवार की नाराजगी के बीच घर से भागकर सितंबर में हिंदू विवाह कानून के तहत विवाह किया था. इसके बाद रविवार को येवला शहर के एक लॉन में दूल्हे के परिजनों की मौजूदगी में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी समारोह आयोजित किया गया था. आरोप है कि प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजन डीजल से भरे कैन लेकर समारोह में पहुंचे. उन्होंने दूल्हे और उसके रिश्तेदारों पर डीजल डालकर उन्हें आग के हवाले करने की कोशिश की.

बारातियों के साथ मारपीट

बताया जा रहा है कि शादी समारोह में मौजूद बारातियों के साथ मारपीट भी की गई. दूल्हे के परिजनों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. समारोह में मौजूद लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. घटना की जानकारी मिलते ही येवला शहर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लिया. येवला के पुलिस इंस्‍पेक्‍टर संदीप मंडलिक ने घटना के संबंध में जानकारी दी. मामले में पुलिस की जांच जारी है.
डीजल डालने और मारपीट की कोशिश के बाद दूल्हे के रिश्तेदारों ने विरोध किया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और जमकर मारपीट हुई. घटना की जानकारी मिलते ही येवला शहर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया. दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के दौरान किसकी क्या भूमिका रही और आरोपों में कितनी सच्चाई है.